बांदा , जनवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जल शक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद ने पुलिस लाइन में ध्वजारोहण कर भव्य एवं आकर्षक पुलिस परेड की सलामी ली।

गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण के उपरांत भव्य पुलिस परेड का आयोजन किया गया, जिसमें आठ महिला पुलिस टुकड़ियों ने भाग लिया। परेड में अनुशासन और समर्पण की झलक देखने को मिली। समारोह के दौरान फायर ब्रिगेड, स्वान दस्ता, फील्ड यूनिट, मिशन शक्ति, मोबाइल डायल 112, दंगा नियंत्रण दल, बज्र वाहन तथा विशेष सुरक्षा बल द्वारा विभिन्न प्रदर्शनों के माध्यम से अपनी कर्तव्यनिष्ठा और दक्षता का परिचय दिया गया। मोटरसाइकिल पुलिस दस्तों ने तिरंगा लहराते हुए करतब दिखाए, जो दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।

इस अवसर पर पुलिस जवानों और स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रमों ने समारोह को और भी रंगारंग बना दिया। राज्यमंत्री ने सराहनीय कार्य करने वाले 113 पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। इसके साथ ही शहीदों की विधवाओं, अपराधियों को अदालतों से कड़ी सजा दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले लोक अभियोजकों तथा समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त उत्कृष्ट सेवा पदक से पुलिस उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार पांडे को सम्मानित किया गया। वहीं दो उपनिरीक्षकों और एक आरक्षी को पुलिस महानिदेशक के प्रशंसा चिन्ह (रजत) तथा सशस्त्र पुलिस के एक आरक्षी को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित