बांदा , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला की गोली मारकर हत्या का प्रयास किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि शनिवार को सूचना मिली कि बीती देर रात अरमान गांव में बारे लाल की 45 वर्षीय पत्नी छैल कुमारी गोली लगने से घायल हो गई हैं। घटना के समय वह अपने पशु बाड़े में बकरी बांधने गई थीं। घायल महिला को उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में वीरांगना रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत जांच की जा रही है तथा कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

मरका थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना पुरानी रंजिश से जुड़ी प्रतीत हो रही है। घायल पक्ष द्वारा आरोपी परिवार के विरुद्ध पूर्व में छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया गया था, जो न्यायालय में विचाराधीन है। इसे घटना का कारण माना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और मेडिकल रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित