बांदा , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के तिंदवारी थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस ने जेल में निरूद्ध आरोपियों की विभिन्न न्यायालयों से कूट रचित फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमानत कराने वाले कथित पेशेवर गिरोह का मास्टरमाइंड को 13 फर्जी आधार कार्ड सहित गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पुलिस के अनुसार फर्जी दस्तावेजों के आधार पर न्यायालय में आरोपियों की फर्जी जमानत लेने की सूचना पर जिले में एक दर्जन मुकदमे पंजीकृत किए गए और फर्जी पेशेवर जमानतदारों का सत्यापन किया गया। लगभग 1000 मुकदमों में निरुद्ध आरोपियों की विभिन्न अदालतों से कूटरचित दस्तावेज के आधार पर जमानत की पुष्टि के लिये जांच शुरू की गई।
पुलिस ने पेशेवर जमानत दारों का सत्यापन किया और विस्तृत जांच के क्रम में सर्वप्रथम गिरोह के सरगना शिव स्वरूप सिंह उर्फ मास्टर को गिरफ्तार कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। इसके बाद क्रमशः बलवीर, हेमंत, हरिशंकर नामक गिरोह के सदस्यों को जेल भेजा गया।
सहायक पुलिस अधीक्षक/ पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने बताया कि ऑपरेशन शिकंजा के तहत फर्जी जमानतदारों के विरुद्ध शुरू कड़ी कार्रवाई के अभियान में पुलिस ने आज भिड़ौरा गांव के निकट पैलानी थाना क्षेत्र के पिपरहरी गांव निवासी रामबाबू उर्फ डॉक्टर को गिरफ्तार कर जेल भेजा ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित