बांदा , फरवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र में शुक्रवार अपराह्न एक महिला द्वारा अपनी पांच वर्षीय पुत्री को यमुना नदी में फेंकने और स्वयं भी आत्महत्या का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। राहगीरों की सतर्कता से महिला को बचा लिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी बबेरू सौरभ सिंह ने बताया कि उसरा डेरा मजरा मरका निवासी सुनीता की 35 वर्षीय पुत्री रुबीना पिछले छह वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार को किसी बात पर मां द्वारा डांटने से आहत होकर रुबीना अपनी पांच वर्षीय पुत्री पिंकी को बाल कटवाने के बहाने घर से लेकर निकली और यमुना पुल पर पहुंच गई।

आरोप है कि वहां उसने बच्ची को नदी में फेंक दिया और स्वयं भी कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार महिला को फिलहाल मिशन शक्ति केंद्र लाकर पूछताछ और काउंसलिंग की जा रही है। थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से नदी में बच्ची की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित