बांदा , फरवरी 18 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने टप्पेबाजी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मध्य प्रदेश निवासी एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रवीण कुमार ने बताया कि 25 फरवरी को अतर्रा कस्बे में जग प्रसाद त्रिवेदी के साथ ई-रिक्शा में टप्पेबाजी की घटना हुई थी, जिसमें बदमाश 15 हजार रुपये लेकर फरार हो गए थे। सूचना पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अतर्रा कस्बे के बांदा रोड से छतरपुर जिले के सरवई कस्बा निवासी बाकर अली और उसकी पत्नी नगमा को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से टप्पेबाजी के 15 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित