बांदा , दिसंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के बांदा मंडल कारागार में निरुद्ध और उपचार के लिये वीरांगना रानी दुर्गावती राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कुख्यात बदमाश अतुल सिंह बीती रात्रि पुलिस को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया।

अतुल सिंह के फरार होने की घटना के बाद यहां पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल 25 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई।

जिला कारागार अधीक्षक ने सोमवार को बताया कि चिल्ला पुलिस ने दो सितंबर को उन्नाव जिले के विहार थाना क्षेत्र के मुनऊ गांव निवासी अतुल सिंह को गिरफ्तार कर चोरी के आरोप में जेल भेजा था। गिरफ्तारी के दौरान भगाने के प्रयास में गिरने से उसका पैर टूट गया था। बांदा जेल में उसके विरुद्ध तीन मुकदमों के वारंट थे। जिसमें उसे दो मामलों में जमानत मिल चुकी थी। वह अब मात्र चोरी के एक मामले में निरुद्ध था। जिसे पैर के इलाज के लिये 17 नवंबर को जिला कारागार से पुलिस हिरासत में रवाना किया गया था।

सहायक पुलिस अधीक्षक/ पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक ने बताया कि जेल में निरुद्ध अतुल सिंह का पैर में चोट लगने से मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा था और वह रविवार की रात्रि निगरानी में लगे चार पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। घटना का मुकदमा सुसंगत धाराओं में पंजीकृत कर भागे हुए बंदी की गिरफ्तारी हेतु 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया और उसकी निगरानी में तैनात पुलिस कर्मियों के विरुद्ध जांच शुरू की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित