बांदा , दिसंबर 19 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बदौसा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों ने आजीवन कारावास के सजायाफ़्ता को गोली मार कर गंभीर घायल कर दिया।
बदौसा थाना प्रभारी ने बताया कि चंदौर गांव निवासी राजा भैया गर्ग (61) वर्ष 1995 में गांव में हुई बालमुकुंद नामक व्यक्ति की हत्या का आरोपी था, जिसे अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और वह वर्ष 2011 से जमानत पर था। आज वह अपने पशु बाड़े जा रहा था कि तभी अज्ञात हमलावर ने रास्ते में उसे गोली मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और फरार हो गया। पेट में गोली लगने से उसे गंभीर हालत में तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से उसे उपचार हेतु लखनऊ के लिए रेफर किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि छानबीन कर घटना के भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और कुछ संदिग्धों को चिन्हित कर विस्तृत जांच शुरू की गई। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित