बांदा , मार्च 31 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है। जिलाधिकारी द्वारा गठित टास्क फोर्स ने चेकिंग के दौरान 23 ट्रकों को सीज कर संबंधित थानों के सुपुर्द किया है। मंगलवार को जारी सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, बबेरू तहसील के मरका खादर खंड संख्या-03 में संचालित बालू/मोरम पट्टों पर बीती रात करीब एक बजे से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध खनन और ओवरलोडिंग में संलिप्त 23 ट्रकों को पकड़कर सीज किया गया। इनसे लगभग 45 लाख रुपये के राजस्व की वसूली होने की संभावना है।
अभियान के दौरान कई चालक कार्रवाई से बचने के लिए रास्ते में ही मोरम उतारकर खाली ट्रक लेकर फरार हो गए। चेकिंग के दौरान सड़क पर गिरी करीब 135 घन मीटर बालू/मोरम को भी एकत्र कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पकड़े गए वाहनों के साथ-साथ संबंधित पट्टा धारकों के खिलाफ भी खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी जे. रीभा ने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि वे खनन पट्टों और ओवरलोडिंग की रोकथाम के लिए रात में भी चेकिंग पॉइंट पर सक्रिय रहें और अभियान को निरंतर जारी रखें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित