पटना , दिसम्बर 20 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने शनिवार को कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर लगातार बढ़ते अत्याचार और लगातार हो रही हिंसा न केवल चिंताजनक है, बल्कि मानवाधिकारों की खुली अवहेलना भी है।

श्री पटेल ने बयान जारी कर कहा की भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं के लिए असुरक्षा का वातावरण बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू मंदिरों पर हमले हो रहे हैं और उनके घरों और संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि वहां पीड़ितों को न्याय नहीं मिलना अंतरराष्ट्रीय हिंदू समुदाय के लिए चिंता का विषय है।

भाजपा के प्रवक्ता ने कहा कि सबसे दुर्भाग्यपूर्ण यह है कि बांग्लादेश के नेतृत्व, विशेषकर यूनुस सरकार ने ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई की जगह उन्हें खुली छूट दे रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है, और शिकायतों पर कार्रवाई नही हो रही है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश में प्रशासन ने अपने संवैधानिक कर्तव्यों को दरकिनार कर दिया है, जिससे अपराधियों के हौसले बढ़ तो रहे हीं है, उन्हें प्रोत्साहन भी मिल रहा है।

श्री पटेल ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू समाज वर्षों से रह रहा हैं, लेकिन आज उन्हें भय और असुरक्षा के साए में जिंदगी व्यतीत करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं की धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक स्वतंत्रता पर कुठाराघात हो रहा है और दुर्भाग्य की बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन भी केवल बयानबाजी तक सीमित हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत हमेशा से पड़ोसी देशों की संप्रभुता और आंतरिक प्रक्रिया का सम्मान करता रहा है, लेकिन जब मुद्दा मानवाधिकारों और धार्मिक स्वतंत्रता का हो, तब चुप रहना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि बांग्लादेश सरकार तुरंत हस्तक्षेप करे, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करे, और हिंदू समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि दुनिया भर और भारत के हिंदुओं को बांग्लादेश में रह रहे हिंदुओं के हित में खड़े होना चाहिए। वहां पीड़ा झेल रहे सभी हिन्दू समाज के लोगों को न्याय मिलना चाहिए और भारत सहित दुनिया भर के मानवाधिकार संगठनों को इस दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित