मथुरा , जनवरी 25 -- वृंदावन के ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में रविवार को उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन से पहले प्रशासन ने मंदिर के सेवायत गोस्वामियों और उनके परिवार की महिलाओं को प्रवेश से रोक दिया। सुरक्षा के नाम पर अपनों को ही रोके जाने से गुस्साए गोस्वामी समाज ने मंदिर परिसर में जमकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को बल प्रयोग कर उन्हें वहां से हटाना पड़ा।

रविवार को अक्षयपात्र में प्रधानमंत्री की 'मन की बात' कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे थे। प्रशासन ने वीवीआईपी सुरक्षा का हवाला देते हुए आम श्रद्धालुओं के साथ-साथ मंदिर के सेवायत गोस्वामियों का प्रवेश भी बंद कर दिया।

मंदिर में दर्शन के लिए जा रही गोस्वामी परिवार की महिलाओं को जब गेट पर रोका गया, तो उनका धैर्य जवाब दे गया।

आक्रोशित महिलाओं ने परिक्रमा मार्ग में प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस कार्रवाई को पूरी तरह 'अवैधानिक' करार दिया।महिलाओं ने पुलिस की इस कार्रवाई को प्रशासनिक हठधर्मिता बताते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

मंदिर परिसर के भीतर गोस्वामी समाज के विरोध को देखकर प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में अफसरों ने उन्हें समझाकर शांत करने की कोशिश की, लेकिन जब मामला बिगड़ता दिखा, तो पुलिस ने आवश्यक बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से खदेड़ दिया।

मंदिर की परंपराओं में सेवायत गोस्वामियों का स्थान प्रमुख होता है। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को प्रवेश से रोकना प्रशासन की प्रबंधन क्षमता पर सवाल उठाता है। मुख्यमंत्री के कई दौरों के बावजूद इस बार का विवाद यह दर्शाता है कि स्थानीय प्रशासन और मंदिर के बीच तालमेल की भारी कमी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित