शाहजहांपुर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाना क्षेत्र में पारिवारिक प्रताड़ना से आहत एक बुजुर्ग ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में मृतक के पुत्र और बहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने बृहस्पतिवार को बताया कि केरल गंज निवासी सतीश चंद्र (70) बुधवार रात थाने पहुंचे और पुलिस को बताया कि उनका पुत्र शोभित तथा पुत्रवधू संपत्ति के लालच में लंबे समय से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। इसी से परेशान होकर उन्होंने सल्फाज खा लिया।

पुलिस ने तत्काल उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

उन्होंने बताया कि मृतक की पत्नी रामबेटी की तहरीर पर पुत्र शोभित और उसकी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित