बैतूल , मार्च 11 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में मुलताई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार आठ मार्च को एक महिला ने थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी छह मार्च को सुबह करीब दस बजे घर से निकली थी और इसके बाद से लापता हो गई। महिला ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर लगातार तलाश करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर दस मार्च को प्रभात पट्टन क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित