बहराइच , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 25 मार्च को बहराइच जिले के मोतीपुर तहसील अंतर्गत सेमरहना गांव का दौरा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
अधिकृत सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री सेमरहना गांव में भरतापुर गांव से विस्थापित ग्रामीणों को जमीन आवंटित करेंगे। कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आयोजन सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
सोमवार को देवीपाटन मंडल के पुलिस महानिरीक्षक अमित पाठक, पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह तथा जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, हेलीपैड, रूट डायवर्जन, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग और प्रवेश-निकास मार्गों की समीक्षा की। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर आयोजन को सफल और निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित