बहराइच , दिसंबर 12 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) 2023/24 बैच के 23 प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारियों का आगमन हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बहराइच ने उनके स्वागत के साथ ही क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अंतरराष्ट्रीय सीमा और सामरिक महत्व के विषय में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को बताया कि बहराइच जनपद की सीमा नेपाल से जुड़ी हुई है, जिससे यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण से संवेदनशील बनता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को यह भी समझाने का प्रयास किया कि स्थानीय समाज और क्षेत्रीय विशिष्टताओं की गहरी समझ उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी बना सकती है। महोदय ने जोर देते हुए कहा कि पुलिस सेवा के विभिन्न पहलुओं को समझने के लिए उन्हें गहराई से अध्ययन करना और क्षेत्रीय चुनौतियों के प्रति सजग रहना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत, प्रशिक्षु अधिकारियों ने नेपाल-भारत अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित इंट्रीग्रेटड चेक पोस्ट रूपईडीहा का दौरा भी किया। यहाँ अधिकारियों को सीमा सुरक्षा और कस्टम कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। सुरक्षा उपायों, यात्री और माल वाहनों की जांच प्रणाली के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय तस्करी को रोकने के लिए उठाए गए कदमों पर ब्रीफिंग प्रदान की गई। अधिकारियों को यह बताया गया कि सीमा पर सतर्कता, निगरानी और सामूहिक प्रयासों से किस प्रकार आतंकवाद, तस्करी और अन्य अंतर्राष्ट्रीय अपराधों को नियंत्रित किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित