लखनऊ/बहराइच , मार्च 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के मिहिरपुरवा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में 136 परिवारों को मुख्यमंत्री आवास, शौचालय और आवास हेतु भूमि के पट्टों का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए धनराशि डिजिटल माध्यम से हस्तांतरित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बहराइच की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए इसे सुहेलदेव के शौर्य की धरती बताया। उन्होंने कहा कि महाराजा सुहेलदेव का पराक्रम आज भी समाज को प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों द्वारा उपेक्षित रहे करीब 500 परिवारों के पुनर्वास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि "डबल इंजन सरकार सेवा और संवेदना के आधार पर बिना किसी भेदभाव के 25 करोड़ प्रदेशवासियों के लिए कार्य कर रही है।"श्री योगी ने कहा कि सरकार जाति, पंथ या संप्रदाय के आधार पर नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद को परिवार का हिस्सा मानकर योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने कहा कि इस पुनर्वास योजना में दलित, पिछड़े, जनजातीय समुदाय समेत विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और जातिवाद के आधार पर समाज को बांटने का प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में माफिया, गुंडागर्दी और दंगों का माहौल रहता था, जिससे विकास बाधित होता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित