बहराइच , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में होली का पर्व बुधवार को परंपरागत उल्लास और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। नगर स्थित छावनी चौराहा, अग्रसेन चौक, घंटाघर,विधानसभा पयागपुर और महसी सहित विभिन्न स्थानों पर हजारों की संख्या में लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर रंगोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में होली खेलने वालों की भीड़ सड़कों पर उमड़ पड़ी। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों और होली गीतों के बीच उत्साहपूर्वक रंग खेला। नगर के घंटाघर चौक पर एक युवक द्वारा दांतों से गैस सिलेंडर पकड़कर प्रदर्शन करने का वीडियो चर्चा का विषय बना रहा, जिसे देखने के लिए मौके पर भारी भीड़ एकत्र हो गई।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद आनंद गौड़, पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडे ने विभिन्न कार्यक्रमों में पहुंचकर लोगों से गले मिलकर होली की बधाई दी। जिलाध्यक्ष श्री पांडे कार्यकर्ताओं के साथ होली गीतों पर नृत्य करते भी नजर आए।

प्रयागपुर में विधायक सुभाष त्रिपाठी ने अपने निवास पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों संग रंगोत्सव मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाकर गले मिलते हुए पर्व की बधाई दी।

बहराइच सदर में विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि अशोक जायसवाल, भाजपा नेता राघवेंद्र प्रताप सिंह, गौरव वर्मा, अमित शर्मा, होली समिति अध्यक्ष दीपक सोनी दाऊ, महामंत्री सुमित खन्ना, सचिन श्रीवास्तव और शिवम जायसवाल पयागपुर में विधायक प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी महसी विधानसभा में विधायक प्रतिनिधि अखण्ड प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग भी विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुंचे और नागरिकों को शुभकामनाएं दीं।

होली के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ नियमित गश्त की व्यवस्था की गई, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित