बहराइच , जनवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी विद्यालय में सोमवार को स्कूल की सीढ़ियों से गिरकर एक छात्र की मौत हो गई। संतुलन बिगड़ने से छात्र करीब 20 फीट नीचे जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छात्र की पहचान 15 वर्षीय अंश मिश्रा पुत्र सुमित मिश्रा, निवासी ग्राम चुलभा के रूप में हुई है। अंश बदरौली स्थित अशोक बाल विद्या मंदिर में कक्षा आठ का छात्र था। सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह कक्षा से निकलकर सीढ़ियों से नीचे उतर रहा था, इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रबंधन द्वारा छात्र को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलने पर परिजन भी स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया तथा शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित