बहराइच , दिसंबर 05 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र के गोड़हिया नंबर 03 अंतर्गत मजरा मल्लाहनपुरवा में 28 नवंबर की रात को हुए वन्य जीव हमले में मृतक बालक स्टार (लगभग 05 वर्ष), के घर पहुंचकर जिलाधिकारी ने शोक संतप्त परिजनों से भेंट की और उन्हें सांत्वना दी।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन और जिला प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि मानव-वन्य जीव संघर्ष में प्रभावित परिवारों को शासन द्वारा अनुमन्य हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। डीएम ने मजरा निवासी 05 वर्षीय अनुष्का, पुत्री बलिराम, से भी भेंट की, जो कि प्रात:काल वन्य जीव के हमले में घायल हुई थी। अनुष्का का उपचार सीएचसी कैसरगंज में हुआ और उसे अब घर भेज दिया गया है।
मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी कैसरगंज, अखिलेश कुमार सिंह, ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि आज प्रातःकाल लगभग 06:00 बजे मजरा बबुरी निवासी 05 वर्षीय नैन्शी, पुत्री रमेश कुमार, और गुरुवार की शाम गोडहिया नंबर-04 निवासी 05 वर्षीय अमित, पुत्र रामराज, भी वन्य जीव हमले में घायल हुए थे। उन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया है और सभी घायल बच्चे अब स्वस्थ हैं।
जिलाधिकारी ने गन्ना विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि आबादी के आसपास के क्षेत्रों में गन्ने का सर्वे कराकर मिल से पर्ची जारी की जाए और आबादी के आसपास के गन्ने को कटवाने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। साथ ही, उन्होंने प्रभागीय वनाधिकारी, राम सिंह यादव, को निर्देश दिया कि हिंसक वन्य जीवों के रेस्क्यू के लिए प्रभावी कार्रवाई करें और क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखें। टीमों के माध्यम से प्रभावी गश्त करने का भी निर्देश दिया गया ताकि स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार सचिन श्रीवास्तव, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी, तथा ग्रामवासी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित