बहराइच , दिसंबर 11 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले की एक अदालत ने पिछले साल दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भड़की हिंसा में रामगोपाल मिश्रा नामक शख्स की गोली मार कर हत्या करने के मुख्य आरोपी सरफराज को फांसी की सजा सुनायी है।
न्यायालय ने गुरुवार को अपने महत्वपूर्ण फैसले में राम गोपाल को गोली मारने वाले मुख्य आरोपी सरफराज को फांसी की सजा सुनाई जबकि हत्या में मददगार रहे उसके पिता अब्दुल हमीद, दो भाइयों समेत कुल नौ दोषियों को उम्रकैद की सजा दी।
यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश (एडीजे) की अदालत ने 13 महीने और 28 दिनों के बाद सुनाया। नौ दिसंबर को अदालत ने 13 अभियुक्तों में से 10 को मॉब लिंचिंग समेत कई धाराओं में दोषी करार दिया था, जबकि तीन आरोपी खुर्शीद, शकील और अफजल को बरी कर दिया था।
सभी दोषियों को कड़ी सुरक्षा के बीच आज जेल से कोर्ट लाया गया, जहां अदालत ने व्यक्तिगत रूप से हर एक आरोपी को उनके खिलाफ सजा सुनाई। इस दौरान कोर्ट में सजा के प्रति काफी गहमा-गहमी देखी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित