बहराइच , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नये नियम के विरोध में एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर की है, जहां कुंवर दहौरा नामक युवक ने अपने शरीर पर आग लगाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक ने अपनी लुंगी में आग लगा ली थी, जिसे वहां मौजूद लोगों ने तत्काल बुझा दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि वह यूजीसी के विरोध में शहर में पोस्टर लगाकर अपनी मांगें उठा चुका है। उसका कहना है कि यदि यूजीसी से संबंधित प्रावधान वापस नहीं लिए गए तो वह और उसके 11 साथी राष्ट्रपति भवन, संसद भवन या प्रधानमंत्री आवास के समक्ष आत्मदाह करेंगे। इसकी शुरुआत उसने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित