बहराइच , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के महसी क्षेत्र में स्थित चहलारी घाट पुल पर रविवार को डीसीएम और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मृत्यु हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार सीतापुर की ओर से आ रही बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल बहराइच की तरफ से आ रही डीसीएम से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
थाना प्रभारी हरदी आलोक सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा, जनपद सीतापुर भेजा गया। उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद पुल पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस की सक्रियता से यातायात शीघ्र सामान्य करा कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित