बहराइच , दिसंबर 17 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज इलाके में भेड़िए के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार की शाम को घर के आंगन में खेल रही दो साल की मासूम आंचल पर दबे पांव आए एक भेड़िए ने हमला कर दिया।

हमले के समय मासूम की चाची पास में ही काम कर रही थीं, जिन्होंने चीख सुनकर शोर मचाया। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत लाठी डंडे लेकर उस जगह दौड़ लगाया, जिससे भेड़िया घबराकर मासूम को छोड़कर भाग गया। इस चौंकाने वाली घटना में आंचल के गर्दन पर हल्का घाव आया, लेकिन उसकी जान बच गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। घायल मासूम को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया और बाद में उसे घर भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित