बहराइच , जनवरी 28 -- त्तर प्रदेश के जनपद बहराइच में क्षय रोग उन्मूलन को नई गति देने के उद्देश्य से फरवरी माह से 100 दिवसीय सघन टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत टीबी रोगियों की समय पर पहचान, उपचार तथा मृत्यु दर में कमी लाने पर विशेष फोकस किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी बहराइच डॉ. संजय कुमार ने दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि वर्ष 2015 की तुलना में प्रदेश में टीबी की घटनाओं और मृत्यु दर में लगभग 17-17 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के नेतृत्व में पंचायत, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, नगर विकास सहित अन्य विभागों तथा समाज के सहयोग से इस अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एम.एल. वर्मा ने बताया कि जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 तक जिले में करीब 6.72 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान 97.6 हजार एक्स-रे, 56.6 हजार से अधिक सैंपल ट्रूनैट से तथा 1.32 लाख जांचें माइक्रोस्कोप से की गईं। इसके परिणामस्वरूप लक्ष्य 9,966 के सापेक्ष 10.3 हजार से अधिक टीबी मामलों का नोटिफिकेशन हुआ, जिससे समय पर इलाज और संक्रमण रोकने में मदद मिली।

उन्होंने बताया कि इन्हीं अनुभवों के आधार पर 100 दिवसीय अभियान को और सघन किया जा रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सीएचसी-पीएचसी व जिला अस्पतालों पर तेज स्क्रीनिंग की जाएगी। कुपोषित, बुजुर्ग, मधुमेह रोगी, धूम्रपान करने वाले, मलिन बस्तियों और निर्माण श्रमिकों की विशेष जांच होगी। मोबाइल मेडिकल यूनिट से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच बनाई जाएगी। टीबी जांच के लिए सैंपल ट्रांसपोर्ट, एक्स-रे, नेट मशीन और दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। गंभीर रोगियों को भर्ती कर इलाज तथा 108 एम्बुलेंस से रेफरल की सुविधा दी जाएगी। सभी मामलों की रिपोर्टिंग निक्षय पोर्टल पर की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित