बहराइच , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसन्तपुर रूदल (रामगांव) में जमीन बिक्री के पैसे के विवाद में एक युवक द्वारा अपने माता-पिता, दादी और बहन की कुल्हाड़ी से मारकर कर हत्या कर दी गई, जबकि बड़े भाई को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। आरोपी ने बाद में स्वयं को भी घायल कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरूदेव निवासी बसन्तपुर रूदल द्वारा थाना पर दी गई तहरीर में कहा गया है कि 1-2 मार्च की मध्यरात्रि करीब 12 बजे शोर सुनकर वह कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनका छोटा भाई निरंकार पिता द्वारा बेची गई जमीन एवं गहनों का पैसा न देने को लेकर विवाद कर रहा था। आरोप है कि आवेश में आकर निरंकार ने कुल्हाड़ी से पिता बदलू राम (60), माता संजू देवी (56), बहन पार्वती (लगभग 42) और दादी सिताला (80) पर हमला कर दिया, जिससे चारों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।

तहरीर के अनुसार जब गुरूदेव बीच-बचाव के लिए बाहर आए तो आरोपी ने उनके सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय गुरूदेव का पुत्र आजाद भी मौके पर मौजूद था। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। इसी दौरान आरोपी ने अपने सिर पर ईंट से प्रहार कर स्वयं को भी घायल कर लिया।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। रात में ही पुलिस अधीक्षक बहराइच रामनयन सिंह सहित अन्य अधिकारियों एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। चारों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बहराइच भेज दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित