बहराइच , मई 06 -- उत्तरप्रदेश प्रदेश के जनपद बहराइच में आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के लिए राहत और सम्मान का संदेश लेकर आए एक भव्य आयोजन में श्रम विभाग बहराइच ने देवीपाटन मंडल के चार जिलों बहराइच, गोण्डा, बलरामपुर और श्रावस्ती के 93 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न कराया।

गेंद घर मैदान में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक प्रशासनिक पहल था, बल्कि सामाजिक समरसता, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का सशक्त उदाहरण भी बनकर उभरा।

कन्या विवाह अनुदान सहायता योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों एवं अविवाहित महिला श्रमिकों का विधि-विधान से विवाह कराया गया। मंच पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक संस्कारों की रस्में पूरी की गईं, वहीं पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। सजावट, सांस्कृतिक रंग और परिवारों की खुशी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक बलहा सरोज सोनकर और श्रम विभाग की प्रतिनिधि एवं भाजपा महिला मोर्चा गोंडा की जिलाध्यक्ष बीना राय सहित कई जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की।

जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, उप श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी और देवीपाटन मंडल के अन्य अधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को प्रशासनिक मजबूती प्रदान की। अधिकारियों ने न केवल आयोजन की निगरानी की, बल्कि स्वयं मंच पर पहुंचकर नवदम्पत्तियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए।

उप श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी ने अपने संबोधन में योजना की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 85,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। यह राशि विवाह से जुड़े आवश्यक खर्चों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और श्रमिक परिवारों पर आर्थिक बोझ को कम करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। इससे दहेज जैसी कुरीतियों पर भी अंकुश लगता है और जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक तरीके से अपनी बेटियों के विवाह का अवसर मिलता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित