बहराइच , मई 11 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के फखरपुर क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को दो कारों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर के बाद एक कार में आग लग गई। हादसे के दौरान पास के मदरसे के तीन शिक्षकों ने अपनी जान की परवाह किए बिना जलती कार और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर मानवता की मिसाल पेश की। दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कैसरगंज में कराया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के रुकनापुर बाजार के निकट बहराइच से लखनऊ जा रही कार की टक्कर बाराबंकी से बहराइच आ रही कार से हो गयी जिसके बाद एक कार में आग लग गयी। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग मोबाइल फोन से वीडियो बनाने में जुटे रहे, जबकि पास ही स्थित मदरसे में अध्यापन कार्य करने वाले हाफिज शफीउद्दीन, हाफिज इस्लामुद्दीन और हाफिज शहीदुद्दीन तत्काल मौके पर पहुंचे। तीनों ने स्थानीय लोगों की मदद से जलती कार तथा दूसरी कार में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित