बहराइच , दिसम्बर 30 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के शिवपुर ब्लॉक क्षेत्र में मंगलवार शाम खेत में काम कर रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ से महिला की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इटहा ग्राम पंचायत के चमरन पुरवा के पास गेहूं के खेत में काम कर रही महिला पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। महिला ने बताया कि तेंदुए ने पहले उसकी पीठ और फिर कंधे पर वार किया। शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह तेंदुए को भगाकर महिला को बचाया।
घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक तेंदुआ वहां से फरार हो चुका था। क्षेत्र में तेंदुए के बड़े पंजों के निशान मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
प्रधान प्रतिनिधि पवन वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल वन विभाग और पुलिस को दे दी गई है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं डिप्टी रेंजर अमित कुमार वर्मा ने बताया कि तेंदुए के पदचिन्हों के आधार पर इलाके में कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है और लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों में न जाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित