बहराइच , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव क्षेत्र में शुक्रवार को तेंदुए के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हालांकि वनकर्मियों और ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूर्तिहा क्षेत्र के अंतर्गत सुरजीपुरवा गांव निवासी शांति देवी शुक्रवार जंगल के किनारे लकड़ी बीनने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में महिला का बायां हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया, जिसे तेंदुए ने अपने जबड़ों से चबा डाला।
महिला की चीख-पुकार सुनकर पास में कार्य कर रहे वनकर्मी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने लाठी-डंडों के साथ शोर मचाया, जिसके चलते तेंदुआ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इसके बाद घायल महिला को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में शांति देवी का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को गहरे घाव आए हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।
इस संबंध में कतर्नियाघाट के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) अपूर्व दीक्षित ने बताया कि महिला अकेले जंगल में लकड़ी लेने गई थी। उन्होंने कहा कि पास में वन विभाग का कार्य चल रहा था, जिससे मौके पर मौजूद कर्मचारियों और ग्रामीणों ने समय रहते हस्तक्षेप कर महिला की जान बचा ली।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल के अंदर या किनारे अकेले न जाएं और समूह में ही प्रवेश करें। साथ ही सतर्कता बरतने और वन्यजीवों की गतिविधियों की सूचना तत्काल विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिछले कुछ समय से वन्यजीवों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में इजाफा हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित