बहराइच , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के मोतीपुर रेंज क्षेत्र में मंगलवार को एक तेंदुए के हमले से एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है।
वन विभाग सूत्रों के अनुसार, घटना मोतीपुर रेंज के कतरनिया ग्राम के मजरा तड़वा की है, जहां कमल निषाद का पुत्र राजा बाबू (11) अपने खेत में मक्के की फसल देखने गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले से बालक जोर-जोर से चीखने लगा। बालक की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तत्काल लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की भीड़ और शोर से घबराकर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। इस तरह ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
तेंदुए के हमले में राजा बाबू के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। परिजन उसे तुरंत मोतीपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की पुष्टि करते हुए रेंज अधिकारी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि तेंदुए के हमले में एक बालक घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बढ़ा रही है और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
तिवारी ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जंगल के किनारे या खेतों में अकेले न जाएं और विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
उल्लेखनीय है कि कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रहती हैं, जिससे ग्रामीणों में भय और असुरक्षा की स्थिति बनी रहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित