बहराइच , जनवरी 22 -- उत्तर प्रदेश बहराइच जनपद के नानपारा स्थित टोल प्लाजा पर बुधवार को अधिवक्ताओं ने टोल कर्मियों से हुए विवाद के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने टोल प्लाजा को उनके लिए निशुल्क किए जाने की मांग उठाई।

जानकारी के अनुसार, तहसील नानपारा के अधिवक्ता संघ अध्यक्ष निरंकार प्रसाद जायसवाल एवं महामंत्री हरिओम शंकर के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ता तहसील परिसर से बहराइच रोड स्थित टोल प्लाजा पहुंचे और टोल संचालन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिवक्ताओं का कहना था कि हैदरगढ़ टोल पर कर्मियों द्वारा अभद्रता की गई, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इससे पूर्व बुधवार को ही अधिवक्ताओं ने तहसीलदार नानपारा रविकांत दुबे को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद गुरुवार को टोल प्लाजा पर प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शन के दौरान टोल मैनेजर प्रबल प्रताप सिंह ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन एनएचएआई को भेजा जाएगा तथा अग्रिम आदेश तक अधिवक्ताओं से कोई टोल शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया और अधिवक्ता वापस तहसील लौट आए।

प्रदर्शन के दौरान नीलेश श्रीवास्तव, डीपी श्रीवास्तव, जेपी श्रीवास्तव, विवेक श्रीवास्तव, जयदीश श्रीवास्तव, अनिल श्रीवास्तव, सूर्य बक्श सिंह, काशी नाथ यादव, सौरभ श्रीवास्तव सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मौके पर पुलिस एवं पीएसी बल तैनात रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित