बहराइच , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में जमीन हड़पने की साजिश के बीच पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। कोतवाली देहात पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में चल रहे भूमि संबंधी धोखाधड़ी के मामलों पर बड़ी चोट माना जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामला एक वृद्ध महिला की करीब 0.734 हेक्टेयर कृषि भूमि से जुड़ा है, जिसे हथियाने के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। पीड़िता उपा देवी ने आरोप लगाया था कि पहले उनकी जमीन का सौदा करोड़ों रुपये में तय किया गया, लेकिन पूरा भुगतान नहीं किया गया। इसी बीच आरोपी पवन कुमार जायसवाल ने कथित रूप से एक फर्जी नोटरी इकरारनामा तैयार कर उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और जमीन पर अपना दावा जताते हुए मोटी रकम की मांग करने लगा।
शिकायत में यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा फर्जी कागजों के आधार पर न सिर्फ पीड़िता को डराया गया, बल्कि उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की गई। पीड़िता ने कई स्तरों पर शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोपी के भाजपा नेता होने के कारण कार्रवाई में देरी के चलते मामला गंभीर होता चला गया।
इसी बीच पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर कोतवाली देहात प्रभारी दद्दन सिंह की टीम ने सक्रियता दिखाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार को मोहल्ला अटकोनवा में दबिश देकर आरोपी पवन कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित