बहराइच , दिसम्बर 04 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र में पति-पत्नी द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। घटना में पति की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इमामगंज निवासी भूरे नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर उसका पत्नी रोशनी से अक्सर विवाद होता था। कुछ दिन पूर्व रोशनी नाजिरपुरा स्थित अपने मायके चली गई थी।

परिजनों के मुताबिक गुरुवार दोपहर भूरे अपनी ससुराल पहुँचा और पत्नी से पैसे मांगे। इस पर हुए विवाद के बाद दोनों साथ में निकले और छावनी क्षेत्र के पास पहुंचकर जहरीला पदार्थ खा लिया। आसपास के लोगों ने दोनों को अचेत अवस्था में देखा और जानकारी परिजनों को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ पति भूरे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित