बहराइच , मार्च 05 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र में एक कुएं से लापता युवक का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कुएं से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार श्रावस्ती जिले के कटरा थाना क्षेत्र के जयरामजोत बरूहा गांव निवासी ऋषभ सिंह दो दिन पहले होली खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। इस पर उसकी मां ने 3 मार्च को कटरा थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताई थी।
गुरुवार को बहराइच जिले के हुजूरपुर थाना क्षेत्र स्थित भग्गड़वा बाजार के पास एक कुएं में ग्रामीणों ने एक युवक का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव की पहचान ऋषभ सिंह के रूप में हुई, जिसकी सूचना परिजनों को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
हुजूरपुर थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित