बहराइच , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में त्रिमुहानी रोड स्थित एक कबाड़ गोदाम में गुरुवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने लगभग 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार त्रिमुहानी रोड पर अबरार नामक व्यक्ति के कबाड़ गोदाम से सुबह करीब 11 बजे धुआं उठता देखा गया। देखते ही देखते गोदाम में रखे प्लास्टिक व फोम के सामान ने आग पकड़ ली और लपटें ऊंची उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल गोदाम मालिक को सूचना दी।
सूचना पर गोदाम मालिक अबरार मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को अवगत कराया। दमकल विभाग की टीम शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास के अन्य प्रतिष्ठानों को नुकसान होने से बचा लिया गया।
अग्निशमन अधिकारी पुलकित चौधरी ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। गोदाम मालिक अबरार के अनुसार गोदाम में रखे सामान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित