बहराइच , दिसंबर 30 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के कैसरगंज वन रेंज क्षेत्र में वन विभाग ने मंगलवार को रेस्क्यू अभियान के दौरान एक और आदमखोर भेड़िए को मार गिराया। बीते 48 घंटों में यह दूसरा भेड़िया है, जिसे वन विभाग की टीम ने ढेर किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को भिरयापुरवा गांव के पास भेड़िए की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम को देखकर भेड़िया खेतों की ओर भागने लगा। काफी देर तक पीछा करने के बाद शूटर ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से भेड़िया मौके पर ही ढेर हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मारा गया भेड़िया नर था और उसकी उम्र लगभग चार वर्ष बताई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

इससे पहले रविवार को भी वन विभाग की टीम ने इसी इलाके के बिरजापुरिया क्षेत्र में एक भेड़िए को मार गिराया था। अधिकारियों के मुताबिक अब तक कुल आठ आदमखोर भेड़ियों को ढेर किया जा चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित