बहराइच , फरवरी 6 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र में झींगहा घाट स्थित हनुमान मंदिर के निकट एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट जाने से महिला और छह वर्षीय बालक सहित पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां एक मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हादसे में नौवनपुरवा गांव निवासी शशि, रमपता, जलवर्षा, कृष्णावती तथा छह वर्षीय राजकुमार घायल हुए हैं। बताया गया कि शशि अपने परिवार के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर ई-रिक्शा से वापस लौट रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण ई-रिक्शा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायल शशि ने चालक पर तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित