बहराइच , फरवरी 11 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक सड़क हादसे में एक युवक की दुखद मौत हो गई। यह घटना देहात कोतवाली इलाके में बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर बुद्धा स्कूल के पास मंगलवार देर रात हुई, जब एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल युवक को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान हुसैनपुर ग्राम निवासी बृजेश के रूप में की गई है।
सूत्रों के अनुसार, बृजेश मंगलवार रात अपनी बाइक पर अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जब वे बुद्धा स्कूल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत देहात कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित