बहराइच , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सांसद आनंद गौड के नेतृत्व में बुधवार को जनपद के मटेरा विधानसभा में एक जन जागरण चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

मटेरा इलाके में स्थित ग्राम पंचायत बडगांवा में आयोजित इस चौपाल का उद्देश्य "विकसित भारत-जी राम" के तहत 125 दिन ग्रामीण रोजगार की नई गारंटी पर जानकारी देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर सांसद आनंद गौड ने चौपाल में आए ग्रामीणों को केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं, ग्रामीण रोजगार सृजन, गरीब एवं वंचित वर्ग के उत्थान तथा आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प पर प्रकाश डाला। सांसद ने किसानों, गरीबों और वंचितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जानकारी दी और ग्रामीणों को उनके लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। सांसद ने ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों को सुनकर उनके समाधान का आश्वासन भी दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित