मुरैना , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में आज सोमवार सुबह एक निजी यात्री बस की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मुरैना-जौरा मार्ग स्थित वैरियर के पास महिला सड़क पार कर रही थी, तभी जौरा से मुरैना आ रही तेज रफ्तार बस ने लापरवाहीपूर्वक उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद महिला बस के टायर में फंस गई और करीब 30 से 40 फुट तक घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बस चालक को रोकने के लिए आवाजें लगाईं, लेकिन उसने बस नहीं रोकी। बाद में चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मृतका की पहचान बरीपुरा निवासी कमला बघेल (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित