बस्ती , फरवरी 17 -- उत्तर प्रदेश में बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र के भनखरपुर गांव में छुट्टी पर आए एक फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार भनखरपुर निवासी सूर्य प्रकाश उपाध्याय के पुत्र शरद उपाध्याय (27) का शव मंगलवार को घर की छत पर संदिग्ध अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि शरद उपाध्याय राजस्थान के अलवर जिले में 452 यूनिट में लांस नायक के पद पर तैनात थे और नौ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आए थे। घर पर उनके साथ पत्नी, एक बच्ची और उनकी मां रह रही थीं।
पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा विभिन्न टीमों द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित