बस्ती , फरवरी 06 -- उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में 10 फरवरी को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के लगभग नौ लाख बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी। इस अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पेट में होने वाले कीड़ों से बचाव के लिए यह दवा दी जाएगी। पेट के कीड़े बच्चों के शरीर को कमजोर बना देते हैं और उन्हें विभिन्न संक्रमणों का शिकार बना सकते हैं। ऐसे में अभियान के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण का लक्ष्य रखा गया है। जो बच्चे 10 फरवरी को किसी कारणवश दवा लेने से छूट जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को विशेष अभियान चलाकर दवा खिलाई जाएगी। कार्यक्रम की निगरानी के लिए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इस अभियान में आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, शिक्षक और अभिभावकों का सहयोग लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित