मोहला-मानपुर , मार्च 16 -- महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ की बस्तर सीमा से लगे जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने रविवार को व्यापक खोज अभियान चलाया। जवानों की गतिविधि की भनक लगते ही नक्सली जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी अभियान के दौरान जवानों को हथियार और नक्सल उपयोग की सामग्री बरामद हुई है।

पुलिस से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, मोहला-मानपुर जिले के कोहका-आमपायली के घने जंगलों में रविवार को सुरक्षा बलों की टीम ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। सूचना थी कि इलाके में तीन नक्सली कैडर सक्रिय हैं। जवानों के पहुंचने की जानकारी मिलते ही वे जंगल में भाग निकले।

अभियान के दौरान जवानों को एक इंसास रायफल, 15 जिंदा कारतूस और कुछ नक्सली सामग्री मिली, जिसे जब्त कर लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय नक्सली कमांडर हिड़में और मंगेश के दस्ते की मौजूदगी की आशंका थी।

फिलहाल सुरक्षा बलों की टीम इलाके में लगातार खोज अभियान चला रही है और आसपास के जंगलों में नक्सलियों के संभावित ठिकानों की तलाश जारी है।

मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह ने कहा कि अभियान के दौरान हथियार और नक्सली सामान बरामद हुआ है तथा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित