बस्तर , दिसंबर 27 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर रेंज के लिए वर्ष 2025 सुरक्षा, शांति, सेवा, न्याय और विकास के मोर्चे पर ऐतिहासिक और निर्णायक उपलब्धियों से भरा रहा। सटीक और समयबद्ध खुफिया सूचनाओं पर आधारित माओवादी विरोधी अभियानों, प्रभावी क्षेत्र नियंत्रण और विभिन्न सुरक्षा बलों के बीच मजबूत समन्वय के चलते नक्सली गतिविधियों पर निर्णायक नियंत्रण स्थापित किया गया।
वर्ष भर चले अभियानों में माओवादी शीर्ष नेतृत्व को भारी क्षति पहुंची, बड़ी मात्रा में हथियारों की बरामदगी हुई और कई वरिष्ठ माओवादी कैडरों ने आत्मसमर्पण कर पुनर्वास की राह अपनाई, जिससे क्षेत्र में स्थायी शांति की मजबूत नींव पड़ी।
बस्तर रेंज कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक सुरक्षा वातावरण के सुदृढ़ होने का प्रत्यक्ष असर बस्तर रेंज के समग्र विकास और जनकल्याण पर देखने को मिला। वर्ष 2025 में सड़कों, संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे बुनियादी ढांचे का विस्तार हुआ, वहीं दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक शासन की कल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित की गई। पुलिस-जन साझेदारी, संवाद और विश्वास पर आधारित समग्र दृष्टिकोण ने सामाजिक समरसता को सुदृढ़ किया, जिससे बस्तर भय और असुरक्षा के माहौल से बाहर निकलकर विश्वास और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ा।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि वर्ष 2025 में प्राप्त निर्णायक उपलब्धियों की ठोस नींव पर आगे बढ़ते हुए वर्ष 2026 के लिए स्पष्ट संकल्प लिया गया है। आने वाले वर्ष में शेष माओवादी नेटवर्क का पूर्ण उन्मूलन, क्षेत्र में स्थायी शांति और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सटीक रणनीति और सतत प्रयास जारी रहेंगे। साथ ही नक्सली हिंसा से प्रभावित नागरिकों और युवाओं के लिए पुनर्वास नीति को मानवीय, संवेदनशील और समावेशी दृष्टिकोण के साथ लागू कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 2026 में सुरक्षा, विकास और विश्वास निर्माण को समान प्राथमिकता दी जाएगी। स्थानीय प्रशासन और सभी हितधारकों के समन्वय से अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच, बुनियादी ढांचे का विस्तार तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को मजबूत किया जाएगा। संकल्प 2026 के साथ बस्तर अब संघर्ष की पहचान से आगे बढ़कर शांति, विश्वास और समृद्धि का सशक्त प्रतीक बनने की दिशा में निर्णायक रूप से अग्रसर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित