जगदलपुर , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं और समृद्ध आदिवासी संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के प्रथम संस्करण का आयोन 25 मार्च से 06 अप्रैल तक प्रदेश में किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में बस्तर जिले के जगदलपुर स्थित धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में 30 मार्च से 02 अप्रैल के बीच एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का रोमांचक आयोजन होगा।
जिला पीआरओ से आज मिली जानकारी के अनुसार,इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए देश के कोने-कोने से लगभग 1150 खिलाड़ी, कोच, मैनेजर और तकनीकी विशेषज्ञ जगदलपुर पहुंचेंगे। प्रतिभागियों का आगमन 28 मार्च से शुरू हो जाएगा, जिसके बाद 29 मार्च को खिलाड़ियों के लिए अभ्यास सत्र आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ 30 मार्च को सुबह 9 बजे किया जाएगा। आयोजन की भव्यता और गरिमा को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खिलाड़ियों की सुविधा और अंतरराष्ट्रीय मानकों को पूरा करने के लिए धरमपुरा क्रीड़ा परिसर का विशेष रूप से कायाकल्प किया जा रहा है। ट्रैक की मरम्मत से लेकर खिलाड़ियों के आवासन, भोजन और चिकित्सा सुविधाओं का व्यापक इंतजाम किया गया है। सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि खिलाड़ी निश्चिंत होकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में हो रहा यह राष्ट्रीय स्तर का आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि आयोजन के दौरान बस्तर की कला और संस्कृति की भी झलक देखने को मिले। इस आयोजन से न केवल क्षेत्र में खेलों के विकास को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि बस्तर की तस्वीर भी बदलेगी। सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गए हैं, ताकि इस भव्य आयोजन को सफल बनाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित