जगदलपुर , मार्च 26 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में अवैध रेत उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।

कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने गुरुवार को तहसील बकावंड के ग्राम बेलगांव और बनियागांव क्षेत्र में संयुक्त जांच अभियान चलाकर अवैध खनन में संलिप्त मशीनरी और वाहन को जब्त किया।

कलेक्टर कार्यालय के खनिज शाखा से गुरुवार को मिली जानकारी के अनुसार, खनिज विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि छत्तीसगढ़ और ओड़िशा की अंतरराज्यीय सीमा पर स्थित भस्कली नदी में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर खनिज विभाग की टीम ने दबिश दी। इस दौरान अवैध उत्खनन करते हुए एक पोकलेन मशीन पाई गई, जिसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा रेत परिवहन में लगे एक हाईवा वाहन को भी जब्त किया गया। जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए नगरनार थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

इस कार्रवाई का नेतृत्व खनिज अधिकारी शिखर चेरपा के मार्गदर्शन में किया गया। टीम में सहायक खनिज अधिकारी जागृत गायकवाड़, खनिज सिपाही डिकेश्वर खरे के साथ महादेव सेठिया, सीताराम और कृष्णा शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध उत्खनन से संबंधित प्रकरण में खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने कहा है कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अवैध खनन पर नियंत्रण के लिए जिले में लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा आगे भी इसी प्रकार नियमित जांच अभियान चलाया जाएगा, ताकि अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित