रायपुर , दिसंबर 18 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर को हिंसा से मुक्त कर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना राज्य सरकार का संकल्प है और इस क्षेेेत्र में हिंसा के दिन अब समाप्ति की ओर हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर जारी बयान में कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों की निरंतर एवं प्रभावी कार्रवाई, सरकार की संवेदनशील पुनर्वास नीति तथा स्थानीय जनता के अटूट सहयोग से बस्तर में निर्णायक बदलाव दिखाई दे रहा है। जिला सुकमा के गोंदीगुड़ा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा की गई सटीक और साहसिक कार्रवाई से माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि बस्तर में हिंसा के दिन अब समाप्ति की ओर हैं।

उन्होंने कहा कि माओवाद की संरचना कमजोर पड़ चुकी है और उनकी हिंसक साजिशें अब असरहीन होती जा रही हैं। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि जो लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते हैं, उनके लिए हर स्तर पर सहयोग, पुनर्वास और सम्मानजनक भविष्य सुनिश्चित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित