बस्तर, फरवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गांजा बेचने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक किलो 26 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है जिसकी अनुमानित कीमत दस हजार रुपये आंकी गई है।

बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि यह कार्रवाई गौरव वाटिका संगम रोड के पास की गई, जहां आरोपी ग्राहक की प्रतीक्षा में खड़े थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक लाल-पीले झोले में गांजा लेकर बिक्री के इरादे से मौके पर खड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना से टीम रवाना की गई।

टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए संदिग्ध दोनों युवकों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे झोले से एक किलो 26 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा रखने और परिवहन करने के संबंध में कोई वैधानिक प्रत्युत्तर नहीं दिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार बघेल (30 वर्ष) पुत्र मिट्ठू राम बघेल, निवासी पनारापारा, जगदलपुर और उदय नेताम उर्फ रिंकू (19 वर्ष) पुत्र बसंत नेताम, निवासी तेतरकूटी, जगदलपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बस्तर जिले के निवासी हैं।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गांजा परिवहन करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया है।

बस्तर पुलिस द्वारा लगातार अपराधिक तत्वों और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में कार्यवाहक थाना प्रभारी कोतवाली शिवानंद सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा, निरीक्षक शिवानंद सिंह, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक लम्बोदर कश्यप सहित बस्तर फाइटर के आरक्षक रिंकू नेताम, अनिल बघेल, आदित्य सिंह, उमापति बघेल और विजय जेना शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित