जगदलपुर (बस्तर) , फरवरी 02 -- छत्तीसगढ़ में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बस्तर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नशे का सौदा करने वाली एक आदतन महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से लगभग साढ़े छह किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसका बाजार मूल्य तीन लाख चार हजार सात सौ पचास रुपये आंका गया है।

गिरफ्तार आरोपी नंदनी कश्यप (32), पत्नी अजय कश्यप, निवासी बलिराम कश्यप वार्ड, जगदलपुर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के एक मामले में जेल जा चुकी है।

थाना बोधघाट पुलिस को दिनांक 01 फरवरी को एक मुखबीर से सूचना मिली थी कि नयामुण्डा मारवाड़ी दुकान के पास रहने वाली नंदनी कश्यप अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने का कार्य करती है और वर्तमान में भी उसने घर पर गांजा मंगा कर रखा है, जिसे बेचने के लिए वह ग्राहकों का इंतजार कर रही है। इस सूचना की तह में जाते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार देवांगन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट लीलाधर राठौर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने संदिग्ध के घर पर पहुंचकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान घर के अंदर एक काले रंग के बैग में से खाकी रंग के सेलोटेप से लिपटे पांच पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल 6.090 किलोग्राम गांजा पाया गया। आरोपी के पास इस अवैध मादक पदार्थ को रखने या बेचने का कोई वैध दस्तावेज नहीं था। इस आधार पर उक्त गांजा को एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त कर लिया गया।

आरोपी नंदनी कश्यप को दिनांक 02 फरवरी को गिरफ्तार कर विशेष एनडीपीएस न्यायालय, जगदलपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस इस मामले में और गहन जांच कर रही है। इस कार्यवाही में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक ललित नेगी, सहायक उप निरीक्षक सुजाता नायडू सहित अन्य कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित