रायपुर , दिसंबर 11 -- छत्तीसगढ़ के रायपुर में बस्तर ओलम्पिक 2025 की संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का आज जगदलपुर के इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल में शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक मार्चपास्ट से हुई, जिसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों और नुवाबाट के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

हजारों दर्शकों और प्रतिभागियों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर अब शांति, समरसता और समृद्धि की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आपका मुख्यमंत्री आपके बीच का है, आपका भाई है, और सरकार हर कदम पर आपके साथ खड़ी है।

गुरुवार को जिला पीआरओ से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर के गांवों तक विकास की धारा पहुंचाने के परिणाम आज साफ दिखाई दे रहे हैं। इस ओलम्पिक में युवाओं और विशेष रूप से महिलाओं की बड़ी संख्या में भागीदारी यह दर्शाती है कि क्षेत्र में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ है। नुवाबाट के प्रतिभागियों की जोरदार उपस्थिति ने इस आयोजन को और विशेष बना दिया।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी संबोधित करते हुए कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना को और मजबूत किया जाएगा ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने के अवसर मिल सकें।

उद्घाटन सत्र में मशाल प्रज्ज्वलन का महत्वपूर्ण क्षण तब आया जब सुकमा के विजय डोडी और ओरछा की सलोनी कवाची ने उत्साह के साथ मशाल को मुख्य प्रज्वलन स्थल तक पहुँचाया। यह दृश्य बस्तर की उभरती प्रतिभाओं और बदलते परिवेश का प्रतीक बन गया। कार्यक्रम में राज्य मंत्रियों, पद्मश्री एम.सी. मेरी कॉम, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। बस्तर ओलम्पिक का यह शुभारंभ क्षेत्र में खेल संस्कृति और सामाजिक परिवर्तन की नई दिशा स्थापित कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित