लखनऊ , अप्रैल 07 -- उत्तर प्रदेश के परिवहन विभाग में बगैर बस चलाए चालकों द्वारा वेतन उठाये जाने का मामला सामने आने के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार हमला बोलते हुये कहा कि मुख्यमंत्री को बसों पर "बुलडोजर" चलाने का नाटक करने के बजाय मंत्री की भ्रष्ट करतूतों पर चलवाने चाहिए।
श्री यादव ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, " सब जानते हैं चलेगा (बुलडोजर) नहीं क्योंकि इस गोरखधंधे का सबसे बड़ा हिस्सा तो 'मुख्य-दान पेटी' में ही आता है। इसीलिए मंत्री पर उनकी 'दया-दृष्टि' आमदनी के आगमन के अनुपात में बनी रहेगी।"उन्होंने कहा, " इधर गर्मियों की छुट्टियों में जनता आने-जाने के लिए परेशान है और उधर भाजपाई और उनके संगी-साथी परिवहन विभाग के पहिये खोलकर बेचने में लगे हैं। यही वो कारण है जिसकी वजह से उप्र के विकास की गाड़ी भाजपा के भ्रष्टाचार की मारी धँसी सड़क में धँसकर पूरी तरह ठहर गयी है।"अखिलेश यादव ने कहा कि यातायात और आवागमन की व्यवस्था का बाधित होना सीधे तौर पर अर्थव्यवस्था पर असर डालता है। उन्होंने कहा कि भाजपाई ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था नहीं, ट्रिलियन डॉलर की अपनी व्यवस्था बनाने में लगे हैं। भाजपा को आम जनता से न कोई मतलब था, न है, न कभी रहेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जाए तो बस चल पाए, पर चिंता न करें बुरे दिन जानेवाले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित